शहर की जलपिरयों ने 11 स्वर्ण पदक जीतकर जनपद को बनाया चैंपियन

August 28, 2017

State Swimming Competition

Reference: http://www.khelratna.org/city-womens-swimmers-clinch-11-gold-in-state-swimming-championship/

आलिया ने सबसे अधिक पांच व्यक्तिगत स्वर्ण पदक झटके
– आंचल ने दो, हुनर और दीशा ने 1-1 स्वर्ण झटका
-पुरुष वर्ग में अंश ने 3 स्वर्ण पदक अपने नाम किए

शहर की जलपरियों ने राज्य तैराक प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद को प्रदेश चैंपियन बनाया। शहर की महिला तैराकों ने 11 स्वर्ण पदक जीत कर पहला स्थान कब्जाया। लखनऊ में रविवार को समाप्त हुई प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में भी जनपद को तीन स्वर्ण पदक मिले।

अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त आलिया सिंह ने चार नए रिकॉर्ड के साथ 5 व्यक्तिगत स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाले। वहीं आंचल ठाकुर ने दो, हुनर देशवाल और दीशा भंडारी ने 1-1 स्वर्ण पदक जीता। अन्य दो स्वर्ण पदक रिले स्पर्धा में जीता। पुरुष वर्ग में अंतरराष्ट्रीय तैराक अंश अरोड़ा ने नए रिकॉर्ड के साथ 3 स्वर्ण पदक झटके। उन्होंने तीन स्पर्धाओं में ही भाग लिया था। स्वर्ण पदक जीतने वाले सभी तैराकों को अक्तूबर में भोपाल में होने वाली राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा। पुरुष वर्ग में आर्यन युवराज सिंह ने दो रजत एक कांस्य, श्लोक अग्रवाल ने तीन रजत पदक अपने नाम किए। वहीं आंचल और हुनर देशवाल ने भी दो-दो रजत झटके। रितिका ने भी एक रजत और एक कांस्य पदक जीता। जिला तैराकी संघ के सचिव सुरेश देशवाल ने बताया कि महिला वर्ग में हमने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप जीती। पुरुष वर्ग में भी हमें चैंपियनशिप जीतने की उम्मीद थी। पुरुष वर्ग में अंश ने शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में शहर के तैराकों ने 7 रिकॉर्ड ध्वस्त किए
राज्य तैराकी प्रतियोगिता में शहर के तैराकों ने 7 नए रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक झटके। आलिया सिंह ने 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 36 सेकेंड 12 माइक्रो सेकेंड में 50 मीटर की दूरी पूरी की। इससे पहले यह रिकॉर्ड 37 सेकेंड का था। आलिया ने 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक का भी स्वर्ण पदक झटका। 50 मीटर बटरफ्लाई, 50 मीटर फ्री स्टाइल में शहर की इस जलपरी ने नए रिकॉर्ड के साथ सोने का तमगा हासिल किया। 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में स्वर्ण पदक झटका।
अंश अरोड़ा ने 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में 2008 का रिकॉर्ड तोड़कर स्वर्ण पदक झटका। अंश ने यह दूरी 2 मिनट 34 सेकेंड में पूरी की। इससे पहले यह रिकॉर्ड 2 मिनट 41 सेकेंड का था। 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में भी अंश ने 7 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त किया। अंश ने इस दूरी को पूरा करने के लिए 30 सेकेंड 36 माइक्रो सेकेंड का समय लिया। 2010 का यह रिकॉर्ड 31 सेकेंड 66 माइक्रो सेकेंड का था। अंश ने 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में नए रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

Related Post