राष्ट्रीय तीरंदाजी में नोएडा के छह खिलाड़ी लगाएंगे निशाना
October 23, 2017
Reference: http://www.khelratna.org/6-noidas-archer-selected-for-national-archery-championship/
राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में शहर के 6 तीरंदाज निशाना साधेंगे। सभी नोएडा स्टेडियम की तीरंदाजी एकेडमी में गुर सीख रहे हैं। प्रतियोगिता 23-28 अक्तूबर तक आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में खेली जाएगी। चार खिलाड़ी उत्तर प्रदेश और दो दिल्ली टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी खिलाड़ी 5-6 घंटे अभ्यास कर रहे हैं।
अंडर-9 के कंपाउंड स्पर्धा में आन्या शर्मा और आरुष कुमार दमखम दिखाएंगे। इसी वर्ग के रिकर्व में व्योम ढाका निशाना साधेंगे। अंडर-14 में एम मधुमिता प्रतिभा दिखाएंगी। चारों तीरंदाज उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। रुद्र सिंह और ध्रुव बग्गा अंडर-14 में भाग लेंगे। ये दिल्ली टीम की ओर से दमखम दिखाएंगे। दोनों खिलाड़ी रिकर्व स्पर्धा में भाग लेंगे। सभी तीरंदाज छह महीने से अधिक समय से नोएडा स्टेडियम में खेल की बारीकियां सीख रहे हैं। इनके प्रशिक्षक राहुल वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इन खिलाड़ियों से पदक जीतने की पूरी उम्मीद है। सभी 22 अक्तूबर को विजयवाड़ा के लिए रवाना होंगे।