यूपी के खिलाड़ियों ने दो खिताब पर निशाना साधा
November 15, 2017
ऑल इंडिया दिग्विजय सिंह मेमोरियल निशानेबाजी प्रतियोगिता में प्रदेश के निशानेबाजों ने दो खिताब अपने नाम किया। वहीं महिला वर्ग में ओएनजीसी और हरियाणा की निशानेबाज विजेता बनीं। सेक्टर-34 के बिलाबोंग स्कूल में मंगलवार को समाप्त हुई प्रतियोगिता के खिताब के लिए प्रत्येक वर्ग से 8-8 निशानेबाजों ने भाग लिया।
विभिन्न वर्गों के सभी विजेताओं को 50-50 हजार रुपए का इनाम दिया गया। वहीं दूसरे और तीसरे स्थान के निशानेबाजों को 30 हजार और 20 हजार रुपए देकर पुरस्कृत किया गया। इसमें नोएडा के भी दिवाकर यादव ने भाग लिया था, लेकिन संतोषजनक प्रदर्शन नहीं कर सके थे। उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल प्रतियोगिता में 600 में से 570 अंक बटोरे थे। भारतीय निशानेबाजी संघ के पदाधिकारियों ने पहले तीन स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस मौके पर पुतुल कुमारी सिंह, पीएन प्रकाश, बिलाबोंग इंटरनेशनल हाई स्कूल के चेयरमैन परमजीत गांधी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश और हरियाणा के निशानेबाजों का बेहतर प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश के अखिल शिरोन ने 600 अंकों के मुकाबले में 599 अंक बटोरकर 10 मीटर एयर राइफल में पहला स्थान हासिल किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस खिलाड़ी ने पहले भी कई प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। दूसरे स्थान पर संस्कार हवेलिया रहे। जिन्होंने 590 अंक प्राप्त किए। तीसरा स्थान हरियाणा के साहिल को मिला। एयर राइफल 10 मीटर प्रतियोगिता के महिला वर्ग में ओएनजीसी की श्रीयंका ने 400 में से 399 अंक बटोरकर पहला स्थान हासिल किया। पंजाब की वंशिका दूसरे स्थान पर रहीं। उन्होंने 396 अंक बटोरे। शिवांगी डोगरा को तीसरा स्थान मिला। एयर पिस्टल के पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश के सौरभ चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। वहीं दूसरा स्थान हरियाणा के अभिषेक आर्य को मिला। विवेक चौधरी तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में हरियाणा की यशस्विनी विजेता बनी। उत्तर प्रदेश की आकांक्षा बंसल उपविजेता बनी। हरियाणा की योगिता ने तीसरा स्थान हासिल किया।