ब्रिटिश ओपन में भाग लेने वाली अनिका सबसे कम उम्र की गोल्फर
September 2, 2017
Reference: http://www.khelratna.org/anika-verma-willbe-youngest-player-in-british-open-golf-for-play/
प्रतिष्ठित ब्रिटिश ओपन लेडिज एमेच्योर स्ट्रोक प्ले चैंपियनशिप में शहर की अनिका सबसे कम उम्र की गोल्फर हैं। उनकी उम्र वर्तमान में 13 साल है। जबकि इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली 101 महिला गोल्फरों की उम्र अनिका से अधिक है। ऐसे में इस अंतराष्ट्रीय प्रतियोगिता के खेलने से पहले ही अनिका के नाम एक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। अनिका के बाद चैंपियनशिप में भाग लेने वाली सबसे कम उम्र की गोल्फर की उम्र 15 साल से अधिक है।
भारत से भी इस प्रतियोगिता में अनिका सहित सिफत सग्गू, दीक्षा, और गुरबानी भाग ले रही हैं। ये गोल्फर भी अनिका से बड़ी हैं। प्रतियोगिता 6 सितंबर से इंग्लैंड में शुरू होगी। इसमें 25 देशों की महिला गोल्फर दमखम दिखाएंगी। प्रतियोगिता में 102 महिला गोल्फर भाग लेंगी। नोएडा गोल्फ कोर्स में खेल की बारीकियां सीख रहीं अनिका बी कैटेगरी की नंबर एक खिलाड़ी हैं। ब्रिटिश ओपन में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए सेक्टर-36 निवासी अनिका प्रतिदिन 7-8 घंटे अभ्यास कर रही हैं। अनिका का इस वर्ष राष्ट्रीय महिला गोल्फ में शानदार प्रदर्शन रहा है। 13 वर्ष की उम्र में ही उन्होंने राष्ट्रीय महिला एमेच्योर गोल्फ चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया है। ऐसे में ब्रिटिश ओपन में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। अनिका ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर एक साल तक अच्छा प्रदर्शन रहा। इस प्रतियोगिता में विश्व के टॉप गोल्फरों के साथ खेलना किसी चुनौती से कम नहीं है। बावजूद इसके बेहतर प्रदर्शन का पूरा प्रयास होगा।
सात साल से अधिक समय से खेल रही हैं गोल्फ
डीपीएस की छात्रा अनिका वर्मा सात साल से अधिक उम्र से गोल्फ खेल रही हैं। उन्होंने छह वर्ष की छोटी सी उम्र से ही गोल्फ स्टिक हाथ में थाम ली थी। इसके बाद वह डी, सी और बी कैटेगरी में भारत की नंबर एक खिलाड़ी रहीं। उनका लगातार शानदार प्रदर्शन जारी है। अनिका ने डी कैटेगरी की उम्र में सी कैटेगरी में जीत हासिल की। इसी तरह सी कैटेगरी की उम्र में बी कैटेगरी में शामिल हुई। बी कैटेगरी में वह देश की नंबर एक खिलाड़ी हैं। वहीं महिला वर्ग में उन्हें तीसरा स्थान हासिल हैं। एशियाई खेल की संभावित महिला खिलाड़ियों में उनका नाम हैं।