बिना एनओसी नहीं होंगे खेल के आयोजन

February 21, 2018

sports-UP

Reference: http://www.khelratna.org/noc-for-sporting-event-will-be-taken/

खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए खेल विभाग की खेल आयोजन समिति से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेना होगा। यह समिति खेल संघों और जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों को मिलाकर बनाई जाएगी। जो विभिन्न खेल के आयोजन पर नजर भी रखेगी। यह निर्णय खेल विभाग ने लिया है। ताकि अवैध खेल प्रतियोगिताओं पर अंकुश लगाई जा सके। इस संबंध में बुधवार शाम को बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त खेल संघों के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा।

समिति बनने के बाद भी अगर खेल प्रतियोगिताओं से संबंधित कोई शिकायत मिलती है तो उसकी जांच खेल विभाग करेगा। मान्यता प्राप्त खेल संघ खुद प्रतियोगिता आयोजित करा सकती है, लेकिन अन्य संस्थाओं द्वारा आयोजित प्रतियोगिता के लिए खेल आयोजन समिति से एनओसी लेना होगा। जिला प्रशासन के साथ होनी वाली बैठक में बगैर मान्यता प्राप्त खेल संघों को शामिल नहीं किया जाएगा। इसकी जांच के लिए खेल संघों से संबद्धता संबंधी कागजात मांगे जाएंगे। जिसके आधार पर उन्हें बैठक में शामिल किया जा सके। केंद्र सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त खेल संस्थाओं की सूची भी खेल विभाग ने निकलवाया है। इस वर्ष के लिए 53 खेल संस्थाओं को मान्यता दी गई है।

‘क्रीड़ा अधिकारी अनिता नागर ने बताया कि सही तरीके से खेल के आयोजन के लिए सख्त नियम बनाए जाने जरुरी है। ऐसे में एक खेल आयोजन समिति बनाई जाएगी। जो खेलों के आयोजन पर नजर रखेगी। बैठक में कई सकारात्मक पहलुओं पर भी चर्चा होगी।’
अनिता नागर, जिला क्रीड़ा अधिकारी

खिलाड़ियों के पंजीकरण पर भी हो सकती है बातचीत
जनपद में स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों के पंजीकरण की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में खिलाड़ी कई टीमों से खेलते हैं। जिले में टीमों का भी पंजीकरण नहीं होने से बी, ए और सुपर डिविजन के मुकाबले नहीं होते हैं। जबिक प्रदेश के अन्य जिलों में इसकी व्यवस्था है। टीम और खिलाड़ियों के पंजीकरण से भी फर्जी प्रतियोगिताओं के आयोजन पर रोक लग सकती है।

Related Post