प्रदेश तैराकी में आलिया-अंश सहित आठ तैराक तरणताल से निकालेंगे पदक

August 8, 2017

Senior State Swimming Competition

Reference: http://www.khelratna.org/8-city-swimmers-will-particepats-in-state-senior-swimming-championship/

राज्य सीनियर तैराकी प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय तैराक आलिया सिंह और अंश अरोड़ा सहित आठ तैराक दमखम दिखाएंगे। रविवार को ग्रेटर नोएडा के वाईएमसीए क्लब में ट्रायल का आयोजन किया गया। इसमें 20 से अधिक तैराकों ने भाग लिया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता 25 अगस्त से लखनऊ में  होगी। आलिया और अंश की मौजूदगी से इस बार भी जनपद का चैंपियन बनना लगभग तय है।

प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में श्लोक अग्रवाल, व्योम शर्मा, आर्यन युवराज सिंह और अंश अरोड़ा का चयन किया गया है। वहीं महिला वर्ग में आलिया सिंह, आंचल ठाकुर, हुनर देशवाल और दिशा भंडारी का चयन किया गया है। पुरुष वर्ग में चयनित खिलाड़ियों में व्योम शर्मा ने प्रदेश जूनियर तैराकी में भी भाग लिया था। उन्होंने इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं आर्यन युवराज सिंह ने 5 व्यक्तिगत रजत पदक झटके थे। अंतरराष्ट्रीय तैराक अंश अरोड़ा वर्तमान में बेंगलुरु में अभ्यास कर रहे हैं। लिहाजा वह ट्रायल में भाग नहीं ले सके।  श्लोक अग्रवाल भी पहले कई प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। महिला वर्ग में अंतरराष्ट्रीय तैराक आलिया सिंह भी हैं। वह भी किसी कारण से ट्रायल में भाग नहीं ले सकी। उन्होंने सैफ तैराकी प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। इनके अलावा पूर्व प्रदेश चैंपियन हुनर देशवाल, आंचल ठाकुर, दिशा भंडारी जनपद की टीम का हिस्सा होंगी। इनमें से सभी तैराकों के पास राष्ट्रीय प्रतियोगिता खेलने का अनुभव है। जिला तैराकी संघ के सचिव सुरेश देशवाल ने बताया कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय तैराकों की मौजूदगी से जनपद को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

Related Post