प्रदेश चैंपियन बनने के लिए 300 स्केटर होंगे आमने-सामने
December 20, 2017, Noida
Reference: http://www.khelratna.org/300-skaters-will-be-participates-in-state-skating-championship/
प्रदेश रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में राज्यभर के 300 से अधिक स्केटर दमखम दिखाएंगे। 29 से 31 दिसंबर तक होने वाली इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को प्रदेश की टीम में जगह मिलेगी। चयनित खिलाड़ियों को प्रदेश रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में भाग लेने का मौका मिलेगा।
नोएडा स्टेडियम में खेले जाने वाली वाली इस प्रतियोगिता में अंडर-6,8, 10, 12, 14, 16 और 16 से अधिक आयुवर्ग में खिलाड़ी भाग लेंगे। स्पीड, आर्टिटिस्टिक, स्लालम की स्पर्धाएं नोएडा स्टेडियम में होंगी। रोलर हॉकी अलीगढ़ में खेला जाएगा। प्रतियोगिता के बेहतर आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उम्दा प्रदर्शन कर चुके हैं। इसमें नोएडा के खिलाड़ी भी शामिल हैं। शहर में चार साल पहले राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जा चुका है। प्रदेश स्केटिंग चैंपियनशिप तीसरी बार खेली जाएगी। राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप का आयोजन कुरुक्षेत्र और चेन्नई में होगा। आर्टिस्टिक, स्लालम, स्पीड की प्रतियोगिता चेन्नई में 18 जनवरी से खेली जाएगी। वहीं रोलर हॉकी के खिताब के लिए टीमें कुरुक्षेत्र में शिरकत करेंगी। सभी स्पर्धाओं में उत्तर प्रदेश की टीम भी भाग लेगी। जिला रोलर स्केटिंग संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश शैली ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नोएडा के खिलाड़ियों से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
शहर के 60 से अधिक खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे
प्रदेश स्केटिंग चैंपियनशिप में शहर के 60 से अधिक स्केटर दमखम दिखाएंगे। इसमें तीन अंतरराष्ट्रीय स्केटर हैं। इसके अलावा करीब 10 स्केटर ऐसे हैं, जिन्होंने सीबीएसई, डीएवी, स्कूल गेम्स, और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक झटका है। ऐसे में शहर के स्केटरों से प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। होम ग्राउंड का भी लाभ इन खिलाड़ियों को मिलेगा।