पांच बर्डी के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर पहुंचे अमरदीप
September 20, 2017
Reference: http://www.khelratna.org/noida/noida-news/
पीजीटीआई प्लेयर्स चैंपियनशिप के पहले दिन मंगलवार को अमरदीप सिंह के साथ ही नोएडा के गोल्फरों ने अच्छी शुरुआत की। अमरदीप पहले दिन 4 अंडर खेलकर संयुक्त रूप से चौथे स्थान (पॉजिशन 4) पर हैं। इसके लिए उन्होंने 5 बर्डी लगाई। शहर के विक्रांत, राहुल, गौरव और दीपांकर ने भी अच्छा आगाज किया है।
पहले स्थान पर 7 अंडर खेलते हुए अमन राज ने कब्जा जमाया। हनी बैसोया और शिवेंद्र सिंह 6 अंडर खेलते हुए संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। अमरदीप सिंह मलिक ने दूसरे, आठवें, तेरहवें, चौदहवें और सत्रहवें होल पर बर्डी खेली। अगर 18वें होल पर अमरदीप बोगी नहीं मारते तो उनकी पॉजिशन और भी बेहतर हो सकती थी। 18वें होल पर एक बोगी ने उनके खेल को आंशिक रूप से प्रभावित किया। हालांकि अभी तीन दिन के खेल बाकी। इससे उनसे और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। तीसरे स्थान पर हिम्मत सिंह, उदयन माने, मुकेश कुमार भी काबिज हैं।
नोएडा गोल्फ कोर्स के विक्रांत चोपड़ा ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से आठवां स्थान हासिल किया। राहुल बजाज ने पहले दिन संयुक्त रूप से सत्रहवां स्थान कब्जाया। ग्रेटर नोएडा के गौरव प्रताप सिंह भी राहुल बजाज के साथ संयुक्त रूप से सत्रहवें स्थान पर हैं। इनके अलावा दीपांकर कौशल संयुक्त रूप से 28वें स्थान पर काबिज हैं। इन खिलाड़ियों के अलावा नोएडा के अन्य गोल्फर संतोषजनक प्रदर्शन नहीं कर सके। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों में जोरदार मुकाबला देखने को मिला। बुधवार के खेल के बाद कट निर्धारित होगा। नोएडा गोल्फ कोर्स के अमरदीप, विक्रांत, राहुल बजाज, दीपांकर कौशल और ग्रेटर नोएडा के गौरव प्रताप सिंह को कट मिलना लगभग तय है। वहीं शहर के अन्य खिलाड़ियों को दूसरे दिन के खेल में और भी जोर लगाना होगा।
नोएडा के खिलाड़ियों का पहले दिन का प्रदर्शन
अमरदीप सिंह मलिक का पहले दिन का स्कोर 4 अंडर रहा। उन्होंने 18 होल पूरा करने के लिए 68 स्ट्रोक लगाए। विक्रांत चोपड़ा ने 69 स्ट्रोक में दिन का खेल समाप्त किया। उनका स्कोर 3 अंडर रहा। राहुल बजाज और गौरव प्रताप सिंह ने 70-70 स्ट्रोक लगाकर 18-18 होल पूरे किए। वहीं दीपांकर कौशल ने 71 स्ट्रोक लगाकर पहले दिन अच्छी शुरुआत की। अमरदीप सिंह मलिक सहित अन्य गोल्फरों से दूसरे दिन अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। अमरदीप, राहुल, विक्रांत, दीपांकर और गौरव प्रताप अगर पहले दिन का भी खेल दोहराते हैं तो वह दूसरे दिन भी अच्छी स्थिति में होंगे।