एशियाई जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में दमखम दिखाएंगी अदिति
September 14, 2017
Reference: http://www.khelratna.org/aditi-selected-in-indian-team-for-asian-jr-badminton-championship/
एशियाई जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप 4-8 अक्तूबर तक म्यांमार में खेली जाएगी। इस प्रतियोगिता के लिए गाजियाबाद की अदिति के साथ ही नोएडा के आकाश और विकास का भी चयन किया गया है। आकाश अंडर-17 और व विकास अंडर-15 में दिमखम दिखाएंगे। भारतीय बैडमिंटन टीम के लिए बेंगलुरु में 15 दिनों का अभ्यास शिविर लगाया जाएगा। इसके बाद टीम म्यांमार के लिए रवाना होगी। अभ्यास शिविर में देश के कई दिग्गज शटलर खिलाड़ियों को जीत के गुर बताएंगे। बालभारती स्कूल की नौवीं कक्षा की छात्रा अदिति पढ़ाई में भी बेहतर हैं। उन्हें विभिन्न कक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक मिलते रहे हैं। अदिति के प्रशिक्षक अरविंद आनंद ने बताया कि अदिति एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। एशियाई जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद हैं। इसके लिए वह कड़ी मेहनत कर रही हैं।
आकाश-विकास ने भी सीखी हैं अरविंद से बारीकियां
अरविंद आनंद ने अदिति के साथ ही एशियाई चैंपियनशिप बैडमिंटन के लिए चुने गए आकाश विकास को भी प्रशिक्षित किया है। करीब चार वर्ष पहले अरविंद नोएडा स्टेडियम के प्रशिक्षक थे। उस दौरान आकाश विकास यहां प्रशिक्षण लेते थे। उनके प्रशिक्षण के बाद ही दोनों ने शानदार खेल की शुरुआत की। अदिति करीब चार साल से अरविंद आनंद से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। अरविंद वेटरन वर्ग के खिलाड़ी हैं। कई प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। कौशांबी के साथ ही ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी प्रशिक्षण के लिए एकेडमी शुरू की है।