अंडर-18 की नंबर एक गोल्फर बनी एनजीसी की अनिका
December 29, 2017
Reference: http://www.khelratna.org/anika-catch-no-1-golfer-in-under-18/
नोएडा गोल्फ कोर्स (एनजीसी) की अनिका वर्मा अंडर-18 में देश की नंबर एक गोल्फर बन गई हैं। इसमें महत्वपूर्ण पहलू यह है कि उनकी उम्र महज 14 साल है। इंडियन गोल्फ यूनियन की ताजा रैंकिंग में शहर के सुखमन अंडर-13 में देश के तीन श्रेष्ठ खिलाड़ियों में शुमार हो गए हैं।
एशिया पैसेफिक गोल्फ चैंपियनशिप में अनिका भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व भी करेंगी। 21-24 फरवरी को यह प्रतियोगिता सिंगापुर में होगी। इसमें 15 से अधिक देशों में महिला गोल्फर भाग लेंगी। अनिका ने दिसंबर के पहले सप्ताह में खेले गए ऑल इंडिया जूनियर गर्ल्स गोल्फ चैंपियनशिप का खिताब भी अपने नाम किया था। इसके अलावा कई राष्ट्रीय प्रतियोगिता जीत दर्ज कर शहर का नाम रोशन कर चुकी हैं। शहर की यह गोल्फर महिला वर्ग में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरे स्थान पर हैं। उनकी विश्व एमेच्योर गोल्फ रैंकिंग 814 है। अनिका ने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। इन प्रतियोगिताओं में संतोषजनक प्रदर्शन भी किया। एशियाई खेल की गोल्फ प्रतियोगिता की संभावित खिलाड़ियों में भी उन्हें शामिल किया गया है। इंडियन ओपन, सिंघा थाइलैंड लेडिज एमेच्योर ओपन गोल्फ चैंपियनशिप, ब्रिटिश ओपन एमेच्योर स्ट्रोक प्लेय गोल्फ चैंपियनशिप जैसी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय गोल्फ प्रतियोगिता में अनिका राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
टॉप 3 गोल्फरों में शहर के सुखमन
अनिका के अलावा शहर के उभरते गोल्फर सुखमन सिंह लगातार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उम्दा खेल का प्रदर्शन कर वह
अंडर-13 में देश के श्रेष्ठ तीन खिलाड़ियों में शुमार हो गए हैं। 24 दिसंबर को जारी इंडियन गोल्फ यूनियन की रैंकिंग में उन्हें तीसरा स्थान मिला है। सुखमन सिंह ने पहली दिसंबर को हुए ऑल इंडिया जूनियर ब्वायज गोल्फ चैंपियनशिप में दूसरा स्थान हासिल किया था। एमिटी स्कूल के इस छात्र ने इस वर्ष कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने अक्तूबर में हुए राजस्थान जूनियर ब्वायज गोल्फ चैंपियनशिप जीती थी। इसके अलावा ऑल इंडिया सलवान कप इंटर स्कूल गोल्फ टूर्नामेंट में सी कैटैगरी के विजेता बने। आईजीयू नार्दर्न इंडिया जूनियर गोल्फ चैंपियनशिप के उपिवजेता रहे है।